सोलापुर घटना की जांच की मांग
इस दौरान वारिस पठान ने महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में पंढरपुर के पास हुए भीषण सड़क हादसे पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, जिसमें आठ लोगों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार को हादसे के कारणों की गहन जांच करानी चाहिए और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करनी चाहिए।बता दें कि रविवार को सोलापुर जिले के मालशिरस तालुका स्थित तंदुलवाड़ी गांव के पास एक पिकअप वैन सड़क किनारे कुएं में गिर गई थी। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जिनमें चार महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं। बताया गया कि सभी श्रद्धालु म्हास्वड स्थित सिद्धनाथ मंदिर में दर्शन कर अपने गांव लौट रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन का ब्रेक फेल होने के कारण चालक संतुलन खो बैठा और वैन सीधे कुएं में जा गिरी।
पुलिस और प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य चलाया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
